अयोध्या: धनुष यज्ञ के साथ सम्पन्न हुआ श्रीराम विवाह, सुल्तानपुर गांव में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

अयोध्या: धनुष यज्ञ के साथ सम्पन्न हुआ श्रीराम विवाह, सुल्तानपुर गांव में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

मवई (अयोध्या) ,अचल वार्ता। रुदौली तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा सुल्तानपुर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीराम चबूतरे पर भव्य राम विवाह एवं धनुष यज्ञ का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम के साथ आयोजित ग्रामीण मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु व दर्शक मौजूद रहे।

  रामलीला कलाकारों द्वारा प्रस्तुत धनुष यज्ञ का दृश्य अत्यंत मधुर, भव्य और मनमोहक रहा। कलाकारों की जीवंत अदायगी ने दर्शकों को त्रेता युग का सजीव अनुभव कराया। मेला संचालक विमल तिवारी ने बताया कि उनकी रामलीला पार्टी पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से क्षेत्र में रामलीला का मंचन कर रही है।

  उन्होंने बताया कि रामसनेही दास आदर्श रामलीला मंडली की नींव स्वर्गीय बदी बाबा छोटेलाल एवं स्वर्गीय देवपार्क नारायण तिवारी द्वारा रखी गई थी, जो नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार रामलीला का सफल मंचन करती आ रही है।

  ग्राम सुल्तानपुर के उत्तर किनारे स्थित श्रीराम चबूतरे पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ कमेटी अध्यक्ष सोनू निषाद सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण एवं माता सीता की आरती से किया गया। इसके पश्चात प्रभु श्रीराम व लक्ष्मण को पुष्पमालाएं अर्पित कर आशीर्वाद लिया गया।

  मेले के दौरान रावण और बाणासुर के संग्राम का दृश्य दर्शकों को खूब भाया। वहीं प्रभु श्रीराम द्वारा धनुष भंग किए जाने के पश्चात माता सीता द्वारा जयमाल डालकर श्रीराम को वर के रूप में चुनने का दृश्य अत्यंत भावुक और आकर्षक रहा।

   कार्यक्रम में प्रस्तुत लक्ष्मण-परशुराम संवाद विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। लक्ष्मण जी की चंचल व व्यंग्यात्मक वाणी से भगवान परशुराम के क्रोधित होने और संवाद के नाटकीय दृश्य ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

  इस अवसर पर मेला प्रांगण में उपस्थित मुख्य अतिथि जिला मीडिया प्रभारी वेद प्रकाश राजपूत, पत्रकार अनिल यादव, भाजपा मवई मंडल उपाध्यक्ष राम सुचित राजपूत, थाना पटरंगा पुलिस स्टाफ विशाल सिपाही, सुनील कुमार, प्रेम कुमार सहित अन्य लोगों के सहयोग से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।

  कार्यक्रम में ग्राम प्रधान शिव कुमार निषाद, पूर्व प्रधान विनोद रावत, कोटेदार त्रिमोहन, नन्कू रावत, महंगू राजपूत, शिव मगन राजपूत, राम गुलाम निषाद, बेचू राजपूत, पत्रा लाल रावत, डॉ. विजय कुमार रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

- प्रदीप कुमार यादव