सोनीपत: नई अनाज मंडी, खरखौदा में उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस*

सोनीपत: नई अनाज मंडी, खरखौदा में उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस*

खरखौदा /सोनीपत( भा. सं.)।  12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नई अनाज मंडी, खरखौदा में ब्लॉक स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ एसडीएम अमित कुमार भी मौजूद रहे।

   योग कार्यक्रम में जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, मानसिक एकाग्रता बढ़ती है तथा जीवनशैली में सुधार आता है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने और इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

  उन्होंने कहा कि सरकार योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से गांवों एवं शहरों में योगशालाओं की स्थापना की जा रही है। योग के लिए किसी विशेष संसाधन या खर्च की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि केवल दृढ़ इच्छाशक्ति की जरूरत होती है। नियमित योगाभ्यास जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाकर व्यक्ति को भीतर से मजबूत बनाता है और स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन का मार्ग प्रशस्त करता है।

 एसडीएम अमित कुमार ने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की मजबूत नींव है। योग व्यक्ति को तनाव, अवसाद और अनेक बीमारियों से बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग हमें अशांति से शांति की ओर, रोग से आरोग्य की ओर तथा नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर ले जाता है। योग एक संजीवनी के समान है और नशामुक्त समाज के निर्माण में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर “योग युक्त, नशा मुक्त समाज” के निर्माण में सहयोग दें।

      इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस संदेश का लाइव प्रसारण भी प्रतिभागियों को दिखाया गया। प्रशिक्षित योगाचार्यों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पद्मासन एवं शवासन सहित विभिन्न योगासन किए। इसके अलावा अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं भ्रामरी प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया।

      इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त जोगिंदर शर्मा, आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सतीश, एसएमओ डॉ. जितेंद्र, द्रोणाचार्य अवार्डी ओ.पी. दहिया, विधायक पवन खरखौदा के पिता श्री आजाद बोरिया, नगर पालिका खरखौदा के अध्यक्ष हीरालाल इंदौरा, सहायक अधीक्षक राजेश, विभिन्न पंचायतों के सरपंच, पंच एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।