80 लाख की हाईटेक मशीन से टीबी जांच को मिलेगी नई रफ्तार
सोनीपत, (भा. सं)। टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने की दिशा में सोनीपत के नागरिक अस्पताल को बड़ी सौगात मिली है। अस्पताल में लगभग 80 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक पैथोट्रैक मशीन स्थापित की गई है। इस मशीन के शुरू होने से टीबी मरीजों की जांच क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी और रिपोर्ट पहले की तुलना में कहीं अधिक तेजी से उपलब्ध हो सकेगी।
जिला नोडल टीबी अधिकारी डॉ. तरुण यादव ने बताया कि यह जिले की पहली ऐसी मशीन है, जो एक साथ 32 मरीजों के बलगम के नमूनों की जांच करने में सक्षम है। इससे पहले अस्पताल में सीबीनेट मशीन के माध्यम से जांच की जाती थी, जिसकी क्षमता सीमित थी। नई तकनीक के आने से जांच प्रक्रिया अधिक प्रभावी और सटीक बनेगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्तमान में जिले में 2,182 टीबी मरीजों का उपचार चल रहा है। मरीजों की जल्द पहचान के लिए विभाग की टीमें लगातार घर-घर सर्वे कर रही हैं। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में एक्स-रे कैंप लगाकर संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग भी की जा रही है।
डॉ. तरुण यादव ने कहा कि नई मशीन की मदद से टीबी मरीजों की समय पर पहचान संभव होगी, जिससे उनका इलाज शीघ्र शुरू किया जा सकेगा। यह सुविधा न केवल मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगी, बल्कि जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को भी नई मजबूती देगी।
Bhartiya Samvad Desk 5