कानपुर : गिग एवं प्लेटफॉर्म श्रमिकों के लिए चलाया गया विशेष जागरूकता अभियान : सहायक श्रम आयुक्त रिंकू

कानपुर : गिग एवं प्लेटफॉर्म श्रमिकों के लिए चलाया गया विशेष जागरूकता अभियान : सहायक श्रम आयुक्त रिंकू

सोनीपत (भा .सं) । सहायक श्रम आयुक्त रिंकू ने बताया कि गिग एवं प्लेटफॉर्म श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने तथा उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत डिलीवरी बॉय, ऑनलाइन सेवा प्रदाता, ई-मार्केट सेवा से जुड़े श्रमिक, लॉजिस्टिक व राइड शेयरिंग सेवा कर्मी, प्रोफेशनल सर्विस प्रोवाइडर, हेल्थकेयर, ट्रैवल एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के श्रमिक, कंटेंट एवं मीडिया सेवा प्रदाता, निर्माण श्रमिक तथा अन्य प्लेटफॉर्म आधारित श्रमिकों को ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

सहायक श्रम आयुक्त रिंकू ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा गिग एवं प्लेटफॉर्म श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। हाल ही में घोषित प्रावधानों के अनुसार आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी गिग वर्कर्स को उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके लिए संबंधित श्रमिकों का ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण तथा सक्रिय ई-श्रम कार्ड होना अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि गिग एवं प्लेटफॉर्म श्रमिक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से स्वयं ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं अथवा अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर भी पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करवा सकते हैं। पंजीकरण के उपरांत श्रमिकों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने में सहायता मिलेगी।

सहायक श्रम आयुक्त रिंकू ने कहा कि हरियाणा सरकार भी गिग एवं प्लेटफॉर्म श्रमिकों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों को स्वास्थ्य सेवाएं, जीवन बीमा, दुर्घटना बीमा तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

उन्होंने जिले के सभी गिग एवं प्लेटफॉर्म श्रमिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में ई-श्रम पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाएं तथा सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। साथ ही उन्होंने आमजन से भी इस अभियान की जानकारी अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने का आग्रह किया।

सुनील कुमार/भा. सं.