सोनीपत: सुशासन एवं विकास के 12 वर्ष पूर्ण होने पर पशुपालन विभाग का विशेष टीकाकरण अभियान जारी
सोनीपत (भा. सं.) । प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सुशासन एवं विकास के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत उप निदेशक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, सोनीपत, रविन्द्र हुड्डा के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न पशु चिकित्सालयों में पशु स्वास्थ्य एवं पहचान संबंधी विशेष गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में राजकीय पशु चिकित्सालय जीवीएच दीपालपुर, जीवीएच खेवड़ा तथा जीवीएच जाखौली में पशुओं के टीकाकरण एवं उनके कानों में टैग लगाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस अभियान के तहत पशुओं को विभिन्न संक्रामक रोगों से बचाव हेतु आवश्यक टीके लगाए गए तथा पशुओं की पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ईयर टैग लगाए गए। इस दौरान विभाग की टीमें गांव-गांव एवं घर-घर जाकर पशुओं का टीकाकरण कर रही हैं। पशुओं को मुंहखुर, गलघोटू सहित विभिन्न संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए टीके लगाए जा रहे हैं। साथ ही, टीकाकरण अभियान के तहत पशुपालकों को पशुओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों, उनके लक्षणों, बचाव एवं समय पर उपचार के संबंध में भी जागरूक किया जा रहा है। इस विशेष टीकाकरण अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुओं को लंपी स्किन डिजीज, खरपका-मुंहपका, ब्रुसेलोसिस, गलघोटू तथा अन्य संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखना है, ताकि पशुधन को स्वस्थ एवं रोगमुक्त बनाया जा सके।
उप निदेशक रविन्द्र हुड्डा ने बताया कि विभाग का उद्देश्य पशुधन को रोगमुक्त बनाना तथा पशुपालकों को बेहतर पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान से पशुओं में होने वाले संक्रामक रोगों की रोकथाम में सहायता मिलेगी तथा पशुपालकों को आर्थिक रूप से भी लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने जिले के सभी पशुपालकों से विभाग द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों एवं स्वास्थ्य अभियानों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
KOHARSUNIL