सोनीपत(भा. सं.)। उपायुक्त नेहा सिंह ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभागाध्यक्ष शिकायत के समाधान के लिए मौके पर जाकर स्थिति की जांच करें व इसके साथ-साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त हुई शिकायतों के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
लघु सचिवालय के प्रथम तल के सम्मेलन कक्ष में गुरूवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान सभी शिकायतें उपायुक्त नेहा सिंह ने गंभीरता के साथ सुनी व संबंधित अधिकारियों को निश्चित समयावधि में समाधान के निर्देश दिए।
शिविर में अवैध रूप से खनन, गांवो में अवैध कब्जे व पेंशन व अन्य विभिन्न तरह की शिकायतें प्राप्त हुई। जमीनी विवाद केस में धोखाधडी का शिकार होने की शिकायत, विदूर पेंशन बनवाने, जनता दरबार के दौरान जारी हुए निर्देशों की अवहेलना से संबंधित, पहचान पत्र ठीक करवाने बारे, खेतों में बिजली के तारों की हाइट बढ़वाने बारे, गांव माहरा में अवैध रूप से पंचायती जमीन से मिट्टी चारी करने की शिकायत व सिंचाई विभाग की नहर पर अवैध कब्जों को छुड़वाने बारे, बिजली बिल अधिक आने की शिकायत प्राप्त हुई।
अन्य शिकायतों में पीपीपी आईडी मे मोबाइल नम्बर ठीक करवाने बारे, मकान बनाने के लिए सरकारी योजना से संबंधित मदद, रूकी हुई बुढ़ापा पेंशन को जारी करवाने से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई।
बैठक में एसीपी जसपाल सिंह, डीआरओ सुशील शर्मा, डीडीपीओ मनीष मलिक, तहसीलदार कीर्ति, डीएसओ मनोज कुमार व अन्य सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम विंडो पर आने वाली सभी शिकायतों का तुरंत करें समाधान
उपायुक्त नेहा सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम विंडो पर आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका तुरंत समाधान करना सुनिश्चित करें ताकि संबंधित व्यक्ति को समस्या ने निजात मिल सके। उन्होंने कहा कि सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों के निवारण को लेकर अधिकारी ढिलाई न बरते, सभी लंबित शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान करना सुनिश्चित करें। उन्होने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी समय-समय पर सीएम विंडों पर आने वाली शिकायतों की समीक्षा करें व समाधान करें।