सोनीपत: आरआरटीएस प्रोजेक्ट के लिए भूमि अधिग्रहण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करें पूरा - नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार*

सोनीपत: आरआरटीएस प्रोजेक्ट के लिए भूमि अधिग्रहण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करें पूरा - नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार*

सोनीपत( भा. सं .)। नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार ने आरआरटीएस प्रोजेक्ट के तहत डिपो निर्माण के लिए गांव बड्डी और गांव पिपली खेड़ा में भूमि अधिग्रहण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें ताकि परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो।

लघु सचिवालय, सोनीपत में गुरूवार को नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार की अध्यक्षता में आरआरटीएस प्रोजेक्ट से संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना से जुड़े विभिन्न एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान आरआरटीएस परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित डिपो, स्टेशन, रिसीविंग सब-स्टेशन तथा कास्टिंग यार्ड के लिए भूमि उपलब्ध कराने और भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि संबंधी मामलों में मुख्यालय स्तर से आवश्यक स्वीकृतियां भी जल्द से जल्द प्राप्त की जाएं, ताकि परियोजना का कार्य निर्धारित समय सीमा में आगे बढ़ सके।

उन्होंने कहा कि आरआरटीएस जैसी महत्वपूर्ण परियोजना क्षेत्र के विकास और बेहतर परिवहन व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी विभाग समन्वय स्थापित करते हुए प्राथमिकता के आधार पर अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।

बैठक में एसडीएम सुभाष चंद्र, डीआरओ सुशील शर्मा, डीडीपीओ मनीष मलिक, एनसीआरटीसी के सीपीएम शैलेन्द्र, एसई अश्विनी गुप्ता, एचएसवीपी ईओ सिद्धार्थ सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।