सोनीपत (भा. सं .)। सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र के गांव खूबडू के खेतों में सोमवार को क्राइम ब्रांच सीआईए-1 और गन्नौर पुलिस की टीम के साथ हुई मुठभेड़ में कुख्यात गैंगस्टर गोपाल मारा गया। मृतक गोपाल अटाल गांव का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार गोपाल हाल ही में पैरोल पर जेल से बाहर आया था और गन्नौर क्षेत्र में उसकी गतिविधियों को लेकर पुलिस सतर्क थी।
बताया जा रहा है कि करीब 70 दिन पहले एक हत्या के मामले में अदालत द्वारा उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद गोपाल पैरोल पर बाहर आया था। पुलिस को उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने पर कार्रवाई की गई, जिसके दौरान दोनों तरफ से गोलियां चलीं और मुठभेड़ में गोपाल की मौत हो गई।
मुठभेड़ के दौरान सोनीपत क्राइम ब्रांच सीआईए-1 के हेड कांस्टेबल देवेंद्र भी गोली लगने से घायल हो गए। उनके हाथ में गोली लगी है और उन्हें उपचार के लिए खानपुर स्थित पीजीआई में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मृतक गैंगस्टर गोपाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए खानपुर पीजीआई के शवगृह में रखवाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही सोनीपत पुलिस कमिश्नर ममता सिंह सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मुठभेड़ की परिस्थितियों और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है तथा पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी हुई है।