कानपुर: जी.एस.वी.एम. मेडिकल कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया
कानपुर( भा. सं.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सुबह जी.एस.वी.एम. मेडिकल कॉलेज, कानपुर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन मेडिकल कॉलेज प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो० डॉ संजय काला द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य, चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारम्भ योग प्रार्थना के साथ हुआ, जिसके पश्चात प्रशिक्षित योगाचार्यों के निर्देशन में विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। प्राचार्य महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है तथा स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन एवं संतुलित जीवन के लिए योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना आवश्यक है। योग सत्र का संचालन ईशा केंद्र के योगाचार्यों द्वारा किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम के अनुरूप मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों में भी योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके अतिरिक्त जन-जागरूकता अभियान चलाकर आम नागरिकों को योग के महत्व एवं स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को डॉक्टर अनुपम गुप्ता द्वारा चेयर योग कराया गया। विद्यार्थियों ने स्लोगन एवं पोस्टर प्रतियोगिता में उत्साह पूर्वक प्रतिभागिता की।
कार्यक्रम का संयोजन डॉक्टर संतोष बर्मन एवं डॉक्टर प्रग्नेश द्वारा किया गया। पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाते हुए महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
।प्राचार्य एवं वरिष्ठ संकाय सदस्यों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योग अभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण हेतु योगदान देने की शपथ के साथ हुआ।
Hari shankar sharma