बिजली संकट पर गरजे किसान: डीसी को सौंपा ज्ञापन, समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन

बिजली संकट पर गरजे किसान: डीसी को सौंपा ज्ञापन, समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन
सोनीपत( भा. सं.)। जिले में लगातार बिजली कटौती और बदहाल बिजली व्यवस्था के विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने मोर्चा खोल दिया है। किसानों ने जिला उपायुक्त को मांगपत्र सौंपकर बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
किसानों ने कहा कि जिले के कई गांवों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। शिकायतों के बावजूद बिजली निगम स्थायी समाधान करने में विफल रहा है। इसका सीधा असर खेती-किसानी पर पड़ रहा है। समय पर सिंचाई नहीं होने से फसलें प्रभावित हो रही हैं, जबकि ग्रामीणों को भी रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
भारतीय किसान यूनियन ने गांव दुबेटा में रास्ते के बीच लगाए गए ट्रांसफार्मर को तुरंत हटाने की मांग भी उठाई। किसानों का कहना है कि यह ट्रांसफार्मर आवागमन में बाधा बनने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ा रहा है। इसके अलावा उन्होंने जर्जर बिजली तारों और पुरानी लाइनों को बदलने की मांग करते हुए कहा कि विभाग की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
किसानों ने प्रशासन से पूरे जिले में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने, जर्जर बिजली लाइनों को बदलने और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। किसान नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो भारतीय किसान यूनियन व्यापक आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और बिजली निगम की होगी।