कानपुर: डॉ. मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल को मिला अत्याधुनिक पोर्टेबल वेंटिलेटर

कानपुर: डॉ. मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल को मिला अत्याधुनिक पोर्टेबल वेंटिलेटर

- खून की जांच के लिए भी नहीं काटने होंगे हैलट के चक्कर
​- रोगी हित एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में कॉलेज प्रशासन की बड़ी पहल
​- अस्पताल परिसर में ही शुरू हुआ सैंपल कलेक्शन सेंटर, तीमारदारों को मिलेगी बड़ी राहत

​कानपुर( भा. सं)। मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से संबद्ध डॉ. मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल को मंगलवार को एक अत्याधुनिक पोर्टेबल वेंटिलेटर समर्पित किया गया। यह वेंटिलेटर श्बायोस क्लिनिकल सर्विस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा वित्तपोषित और श्श्री खाटू श्याम चौरिटेबल ट्रस्ट द्वारा प्रदान किया गया है। ​अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस पोर्टेबल वेंटिलेटर की उपलब्धता से आपातकालीन इकाई अब और अधिक सुदृढ़ एवं पूर्णतः सुसज्जित हो गई है। विशेष रूप से टीबी, सीओपीडी , अस्थमा एवं अन्य गंभीर श्वसन रोगों से पीड़ित मरीजों को आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत वेंटिलेटरी सहायता दी जा सकेगी।

​चेस्ट हॉस्पिटल के विभागाध्यक्ष डॉ. अवधेश कुमार ने बताया यह वेंटिलेटर इनवेसिव  और नॉन-इनवेसिव दोनों सुविधाओं से युक्त है। इससे गंभीर श्वसन संकट वाले मरीजों के उपचार में डॉक्टरों को महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। इस सुविधा के जुड़ने से आपातकालीन सेवाएं और अधिक सक्षम होंगी और रोगियों को समय पर जीवनरक्षक उपचार मिल सकेगा। ​इस अवसर पर एल.एल.आर. (हैलट) अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. सौरभ अग्रवाल, प्रोफेसर डॉ. आनंद कुमार, प्रोफेसर डॉ. संजय कुमार, डॉ. लक्ष्मी, डॉ. अर्पिता, डॉ. अखिल, विभाग के रेजिडेंट चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा। साथ ही बायोस क्लिनिकल सर्विस प्रा. लि. के निदेशक डॉ. शैलेश सिंह तथा श्री खाटू श्याम चौरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारी प्रियांशु तिवारी व शिवांशु तिवारी भी उपस्थित रहे।

बड़ी राहत जांच के लिए तीमारदारों को नहीं लगानी पड़ेगी लंबी दौड़

डॉ. मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों के परिजनों (तीमारदारों) के लिए प्रशासन ने एक और ऐतिहासिक व्यवस्था की है। अभी तक मरीजों के ब्लड टेस्ट या अन्य जांचों के लिए तीमारदारों को सैंपल लेकर (या मरीज को साथ लेकर) हैलट अस्पताल भागना पड़ता था। ​मरीजों की इस परेशानी को देखते हुए हैलट अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. सौरभ अग्रवाल ने प्राचार्य डॉ. संजय काला से विचार-विमर्श कर एक नया श्सैंपल कलेक्शन सेंटरश् डॉ. मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल में ही शुरू करवा दिया है। 

 ​नई व्यवस्था में तहत डॉ मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल में अब सुबह 8ः00 बजे से शाम 8ः00 बजे तक मरीजों के सैंपल चेस्ट हॉस्पिटल में ही जमा किए जाएंगे। तीमारदारों को अब हैलट नहीं जाना होगा, अस्पताल का कर्मचारी खुद इन सैंपलों को एकत्र कर हैलट के पैथोलॉजी विभाग पहुंचाएगा।