सोनीपत : अमर बलिदानी दादा कुशाल सिंह दहिया के नाम पर हुआ सीएचसी बड़खालसा का नामकरण, सीएचसी बड़खालसा में आयोजित हुआ भव्य समारोह

सोनीपत : अमर बलिदानी दादा कुशाल सिंह दहिया के नाम पर हुआ सीएचसी बड़खालसा का नामकरण, सीएचसी बड़खालसा में आयोजित हुआ भव्य समारोह

सोनीपत , (भा .सं.) । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा की गई घोषणा को अंतिम रूप देते हुए सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़खालसा का नाम बदलकर "अमर बलिदानी दादा कुशाल सिंह दहिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बड़खालसा" किए जाने के उपलक्ष्य में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बड़खालसा, राई विधायक कृष्णा गहलावत, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक, पर्यावरण प्रेमी देवेंद्र सूरा (ट्री मैन), सिविल सर्जन डॉ. अनुराधा तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बड़खालसा ने कहा कि देश के इतिहास में अनेक ऐसे महान बलिदानी हुए हैं, जिनके योगदान को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पाया। अमर बलिदानी दादा कुशाल सिंह दहिया ने गुरु तेग बहादुर जी के पावन शीश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा "शहीदों को नमन" कार्यक्रम के माध्यम से ऐसे महान बलिदानियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा सीएचसी बड़खालसा का नाम दादा कुशाल सिंह दहिया के नाम पर करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा सरकार इतिहास के उन महानायकों को उचित सम्मान दिलाने का कार्य कर रही है, जिनके योगदान को लंबे समय तक भुला दिया गया था। दादा कुशाल सिंह दहिया का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों की स्मृतियों को सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

राई विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि दादा कुशाल सिंह दहिया त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति के अद्वितीय प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपनी घोषणा को पूरा कर क्षेत्र की जनता की भावनाओं का सम्मान किया है। सीएचसी का नाम उनके नाम पर होने से क्षेत्रवासियों को अपने गौरवशाली इतिहास से जुड़ने की नई प्रेरणा मिलेगी और युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

इस अवसर पर सभी अतिथियों ने अमर बलिदानी दादा कुशाल सिंह दहिया की स्मृति में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने दादा कुशाल सिंह दहिया के बलिदान को नमन करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में ओएसडी वीरेंद्र बड़खालसा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दादा कुशाल सिंह दहिया के सम्मान में उठाया गया यह कदम क्षेत्रवासियों के लिए गर्व का विषय है। समस्त दहिया खाप एवं राई क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।

सुनील कुमार/भा.सं.