बलरामपुर:;सड़क सुरक्षा अभियान के तहत प्रमुख चौराहों पर चला विशेष जनजागरूकता एवं सघन वाहन चेकिंग अभियान
बलरामपुर (भा.सं.)। सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद के प्रमुख चौराहों पर विशेष जनजागरूकता एवं सघन वाहन चेकिंग अभियान सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। वीर विनय चौक, बलरामपुर सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं मौजूद रहे और वाहन चालकों तथा आमजन को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया।
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने अभियान के दौरान उपस्थित लोगों को हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन न प्रयोग करने तथा वैध दस्तावेज साथ रखने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है और थोड़ी सी सावधानी कई अमूल्य जीवन बचा सकती है। अभियान में दोपहिया व चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। चालकों के हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण-पत्र (आरसी), बीमा और प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन किया गया।
जिन वाहन चालकों के पास सभी आवश्यक अभिलेख उपलब्ध और जिन्होंने नियमों का पालन किया, उनका स्वागत करते हुए उन्हें गुलाब का पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया ताकि अन्य नागरिकों के लिए उदाहरण स्थापित हो। वहीं, जिन चालकों ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।
उल्लंघनकर्ताओं को भविष्य में नियमों का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने तथा वैध दस्तावेज साथ रखने के लिए समझाया गया। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा केवल व्यक्तिगत सुरक्षा का मामला नहीं है, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि यातायात नियमों का पालन करें, आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करें और जिम्मेदारी से वाहन चलाकर स्वयं व दूसरों के जीवन की रक्षा करें। प्रशासन ने बताया कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु इस प्रकार के विशेष जनजागरूकता व प्रवर्तन अभियान समय समय पर निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
मसरूर अली