बलरामपुर : ग्राम बेल्हा में डीएम की अध्यक्षता में बाढ़ चौपाल सम्पन्न ग्रामीणों को सुरक्षा व राहत व्यवस्था की दी गई जानकारी
बलरामपुर (भा.सं.) । तहसील बलरामपुर सदर के ग्राम बेल्हा में जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में बाढ़ चौपाल आयोजित हुई, जिसमें ग्रामीणों को बाढ़ प्रबंधन, राहत व्यवस्था और सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने सीधे संवाद कर ग्रामीणों से उनके सुझाव सुने और बाढ़ से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की। डॉ जैन ने बताया कि राप्ती नदी के कटान को रोकने के लिए बाढ़ खंड द्वारा आवश्यक कटान रोधी कार्य कराए गए हैं जिससे संभावित खतरे को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तरह सजग एवं तैयार है तथा आपदा की स्थिति में त्वरित प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
चौपाल में बाढ़ चौकी, बाढ़ राहत केंद्र, राहत सामग्री वितरण व्यवस्था और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने की प्रक्रियाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी गई। साथ ही बाढ़ के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षात्मक उपायों और आपातकाल में प्रशासन को सूचित करने के निर्देशों पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी डॉक्टर विपिन कुमार जैन ने कहा कि प्रशासन और ग्रामीणों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कटान रोधी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया और कार्य की गुणवत्ता व प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति राय, अधिशाषी अभियंता बाढ़ खंड भारत लाल, सहायक अभियंता बाढ़ खंड एवं अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
मसरूर अली