सोनीपत। शहर में बिगड़ती सफाई व्यवस्था, सीवर ओवरफ्लो और दूषित पेयजल की समस्या को लेकर मंगलवार को नगर निगम कार्यालय के बाहर अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। खास बात यह रही कि इस प्रदर्शन में भाजपा से जुड़े जनप्रतिनिधि भी खुलकर सामने आए और अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई।
वार्ड नंबर-5 के भाजपा पार्षद प्रतिनिधि मुकेश शैनी कंधे पर गंदे पानी से भरी कांवड़ उठाकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे। विरोध को प्रतीकात्मक रूप देने के लिए उन्होंने कमर से रस्सी बांध रखी थी और उसे घसीटते हुए अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाई। प्रदर्शनकारियों ने मटकों में दूषित पानी भरकर भी अधिकारियों को दिखाया और शहर की बदहाल स्थिति पर सवाल उठाए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शहर के कई हिस्सों में लोगों को दूषित पेयजल मिल रहा है, सीवर लगातार ओवरफ्लो हो रहे हैं और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। उनका कहना था कि कई बार शिकायत देने के बावजूद हालात में सुधार नहीं हुआ।
मुकेश शैनी ने कहा कि सोनीपत, जिसे कभी हरियाणा के अग्रणी शहरों में गिना जाता था, आज मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से केवल दावे करने के बजाय जमीनी स्तर पर काम करने की मांग की।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार विकास कार्यों के पक्ष में है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से जनता परेशान हो रही है और सरकार की छवि प्रभावित हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा