सोनीपत में शुरू हुआ अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र, अब आधार कार्यों के लिए चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा
सोनीपत। आधार कार्ड से जुड़े कार्यों के लिए अब सोनीपत और आसपास के जिलों के लोगों को चंडीगढ़ के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शहर में शनिवार से अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ हो गया है। केंद्र का उद्घाटन नगर निगम मेयर राजीव जैन ने किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, पारदर्शी और बिना किसी परेशानी के बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
UIDAI अधिकारियों के अनुसार यह आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक खुला रहेगा। यहां नया आधार बनवाने, आधार में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर सहित अन्य जानकारियां अपडेट कराने और बायोमेट्रिक अपडेट जैसी लगभग सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। लोगों की सुविधा के लिए आधुनिक टोकन सिस्टम, आरामदायक प्रतीक्षालय और सुव्यवस्थित सेवा व्यवस्था की गई है।
केंद्र की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि आधार से जुड़े अधिकांश राज्य स्तरीय कार्य अब सोनीपत में ही हो सकेंगे। इससे लोगों का समय और पैसा दोनों बचेंगे। बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद नागरिकों के लिए घर-घर जाकर आधार सेवाएं उपलब्ध कराने की सुविधा भी रहेगी। केंद्र में व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है तथा नवजात बच्चों का आधार नामांकन पूरी तरह निशुल्क होगा। नागरिक ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकेंगे। आधार में नाम, पता आदि अपडेट कराने के लिए तथा बायोमेट्रिक अपडेट के लिए निर्धारित शुल्क लिया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि केंद्र पर केवल UIDAI द्वारा निर्धारित शुल्क ही वसूला जाएगा।
KOHARSUNIL