विश्वनाथ और चंद्रिका के नेतृत्व में एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में उतरेगी भारतीय टीम

विश्वनाथ और चंद्रिका के नेतृत्व में एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में उतरेगी भारतीय टीम

नई दिल्ली (भा.सं.)। एशियाई चैंपियन विश्वनाथ सुरेश और विश्व मुक्केबाजी फ्यूचर्स कप की स्वर्ण पदक विजेता चंद्रिका भोरेश पुजारी की अगुवाई में भारतीय मुक्केबाजी टीम शुक्रवार से इंडोनेशिया में शुरू हो रही अंडर-23 एवं अंडर-19 एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में पदक जीतने के लक्ष्य के साथ रिंग में उतरेगी।

भारतीय दल में दोनों आयु वर्गों के कई प्रतिभाशाली मुक्केबाज शामिल हैं, जिनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में विशेष तैयारी के बाद टीम आत्मविश्वास से लबरेज है और एशियाई मंच पर देश का गौरव बढ़ाने के लिए तैयार है।

अंडर-23 पुरुष वर्ग में 50 किलोग्राम भार वर्ग के एशियाई चैंपियन विश्वनाथ सुरेश टीम की कमान संभालेंगे। उनके साथ गंगा (55 किग्रा), सागर जाखड़ (60 किग्रा), वंशज (65 किग्रा), हितेश (70 किग्रा), नीरज (75 किग्रा), आर्यन मलिक (80 किग्रा), रॉकी चौधरी (85 किग्रा), हेमंत सांगवान (90 किग्रा) और इशान कटारिया (+90 किग्रा) टीम का हिस्सा हैं।

महिला अंडर-23 वर्ग में निधि (48 किग्रा) और तनु (51 किग्रा) के नेतृत्व में भारतीय चुनौती पेश की जाएगी। टीम में निशा (54 किग्रा), प्राची (57 किग्रा), निकिता चंद (60 किग्रा), काजल (65 किग्रा), शिवानी (70 किग्रा), मुस्कान (75 किग्रा), नैना (80 किग्रा) और प्रियंका (+80 किग्रा) जैसी प्रतिभाशाली मुक्केबाज शामिल हैं।

अंडर-19 महिला वर्ग में विश्व मुक्केबाजी फ्यूचर्स कप की स्वर्ण पदक विजेता चंद्रिका भोरेश पुजारी टीम का नेतृत्व करेंगी। उनके साथ गुंजन (48 किग्रा), चिरोम जॉयश्री देवी (54 किग्रा), प्राची (57 किग्रा) सहित कई उभरती हुई खिलाड़ी भारतीय अभियान को मजबूती देंगी।

वहीं, अंडर-19 पुरुष टीम में लैरेनलाकपम अंबेडकर मैतेई (50 किग्रा), आदित्य (55 किग्रा) और सिकंदर (60 किग्रा) समेत कई युवा मुक्केबाज शामिल हैं, जिनसे पदक जीतने की उम्मीद है।

भारतीय मुक्केबाजी महासंघ को विश्वास है कि युवा मुक्केबाज इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतेंगे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।