बलरामपुर: प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा का जनपद भ्रमण अस्पताल, आंगनबाड़ी व विद्यालयों का औचक निरीक्षण
बलरामपुर (भा.सं.)। राज्यमंत्री (खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति) एवं प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने जनपद बलरामपुर का व्यापक भ्रमण कर विभिन्न संस्थानों का औचक निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, विकास कार्य एवं विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की बारीकी से समीक्षा की। श्री शर्मा ने संयुक्त जिला चिकित्सालय बलरामपुर का निरीक्षण कर दवा पर्चा काउंटर, वार्ड, अल्ट्रासाउंड कक्ष, सीटी स्कैन कक्ष, एनएससीयू कक्ष, डायलिसिस यूनिट एवं दवा वितरण काउंटर का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों व तीमारदारों से संवाद कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं व उपचार व्यवस्था की जानकारी ली और कहा कि आमजन को बेहतर व सुलभ स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है; इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। जनपद के विकास खंड कलवारी में ग्राम पंचायत कलवारी का दौरा करते हुए प्रभारी मंत्री ने ग्राम पंचायत सचिवालय, आंगनबाड़ी केंद्र तथा कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों को अन्नप्राशन कराया गया तथा पोषण पोटली का वितरण कर कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि बच्चों व गर्भवती महिलाओं के पोषण स्तर पर विशेष ध्यान दिया जाए। कम्पोजिट विद्यालय कलवारी में श्री शर्मा ने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम संबंधी प्रश्न पूछकर शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया तथा नवीन नामांकन की समीक्षा कर अधिकाधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मौके पर उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की गति पर सख्त रुख अख्तियार किया। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता व समयबद्धता के साथ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचना चाहिए। जल जीवन मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर संचालित करने तथा पेंशन योजनाओं का लाभ सभी पात्रों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। विद्युत आपूर्ति की समीक्षा के दौरान श्री शर्मा ने ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित 18 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए और स्पष्ट कहा कि 18 घंटे से कम आपूर्ति किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं होगी; इस संबंध में लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत लाभार्थियों को समयबद्ध लाभान्वित करने, और शांति- सुरक्षा बनाये रखने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा रोजा संस्थान के सहयोग से कवच परियोजना के अंतर्गत 50 छात्राओं को साइकिल वितरित कर शिक्षा व सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया गया। कार्यक्रम में विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, विधायक उतरौला राम प्रताप वर्मा, जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी, जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
मसरूर अली