डीएम ने चल कर लिया शहर का हाल 15 अगस्त से पहले प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण पूरा करने के किए सख्त निर्देश
बलरामपुर (भा.सं.)। जनपद मुख्यालय को स्वच्छ, सुव्यवस्थित, यातायात-अनुकूल और आधुनिक स्वरूप देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन ने नगर पालिका परिषद बलरामपुर क्षेत्र का व्यापक पैदल निरीक्षण कर शहर में चल रहे विकास एवं जनसुविधा कार्यों का स्थलीय जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने वीर विनय चौराहा से लेकर अंबेडकर चौराहा, जिला मेमोरियल चिकित्सालय, मेजर चौराहा व चौक क्षेत्र तक पैदल भ्रमण करते हुए नालों और नालियों की सफाई व्यवस्था तथा टैपिंग कार्य की प्रगति का अवलोकन किया। अधिकारियों ने बताया कि टैपिंग के माध्यम से गंदे पानी को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा, जिससे स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी तथा तुलसीपुर पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी। डॉ जैन ने निर्देश दिए कि नालों की सफाई और टैपिंग उच्च गुणवत्ता व निश्चित समयसीमा में पूर्ण की जाए। शहर के प्रमुख चौराहों पर चल रहे सौंदर्यीकरण एवं पोल शिफ्टिंग के काम का निरीक्षण कर जिलाधिकारी ने कड़ी समयसीमा दी कि आगामी 15 अगस्त से पहले सभी प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण पूर्ण कर लिया जाए, ताकि नगर का स्वरूप अधिक आकर्षक और व्यवस्थित दिखाई दे। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और क्षेत्रीय निगरानी पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिला मेमोरियल चिकित्सालय के सामने सड़क किनारे पाए गए अवैध अतिक्रमण को चिन्हित कर तत्काल हटाने के आदेश दिए गए। यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी नगर को वीर विनय चौराहे पर 'नो वेंडिंग जोन' स्थापित करने तथा आवश्यक स्थानों पर वन-वे व्यवस्था प्रभावी करने के निर्देश दिए। उनका मानना है कि सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था से जाम घटेगा और नागरिकों को सुरक्षित, सुगम आवागमन मिलेगा। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को जिलाधिकारी ने शहर में पार्किंग समस्या के स्थायी समाधान हेतु मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रियाएँ आरम्भ करने और विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि परियोजना क्रियान्वयन में सभी विभागों का समन्वय आवश्यक है। पैदल निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला मेमोरियल चिकित्सालय में साफ-सफाई की व्यवस्था और प्रस्तावित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के निर्माण कार्य की प्रगति भी जाँची। उन्होंने संबंधित औपचारिकताएँ शीघ्र पूर्ण कर समयबद्ध रूप से मॉड्यूलर ओटी का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि जनपदवासियों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ मिल सकें। निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव नारायण सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हेमंत गुप्ता, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बलरामपुर, सहायक अभियंता जल निगम शहरी वैभव पटेल तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मसरूर अली