गोहाना में जनसमस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

गोहाना में जनसमस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
गोहाना, सोनीपत। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शनिवार को गोहाना स्थित सिंचाई विश्राम गृह में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान आमजन से भेंट कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। उन्होंने मौके पर प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
शनिवार को सिंचाई विश्राम गृह में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनसेवा और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार की स्पष्ट नीति है कि आम नागरिक की समस्या का समाधान बिना किसी अनावश्यक देरी के हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों का शासन-प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो। सहकारिता मंत्री डॉ शर्मा ने इस अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित गणना प्रपत्र को सही प्रकार से भरकर अपने संबंधित बीएलओ के पास समय रहते अवश्य जमा कराएं, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सुरक्षित बना रहे और वे लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने मताधिकार का निर्बाध उपयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक दायित्व भी है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को स्वयं इस प्रक्रिया में भाग लेना चाहिए तथा अपने परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को भी गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करना चाहिए, जिससे कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे