कुंडली में  अवैध झुग्गियां हटाकर चार्जिंग स्टेशन के लिए जमीन खाली

कुंडली में  अवैध झुग्गियां हटाकर चार्जिंग स्टेशन के लिए जमीन खाली
सोनीपत( भा . सं)। दिल्ली-पानीपत रैपिड ट्रेन परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में सोनीपत प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कुंडली स्थित एचएसआईआईडीसी क्षेत्र में प्रशासन ने अभियान चलाकर करीब 60 अवैध झुग्गियों को हटाया और प्रस्तावित चार्जिंग स्टेशन के लिए जमीन खाली कराई। पूरे अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, सिंचाई विभाग की टीम, कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया संगठन के प्रतिनिधियों और भारी पुलिस बल ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष तैनाती की गई थी।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताया, लेकिन प्रशासन ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पहले सभी परिवारों को अपना सामान सुरक्षित निकालने का पूरा अवसर दिया। इतना ही नहीं, अधिकारियों ने सामान को दूसरी जगह पहुंचाने में भी सहयोग किया। प्रशासन के इस मानवीय रवैये के चलते पूरा अभियान बिना किसी बड़े विवाद के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार खाली कराई गई भूमि पर भविष्य में रैपिड ट्रेन परियोजना का चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जाने की योजना है। माना जा रहा है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से कुंडली और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक निवेश को नई गति मिलेगी, परिवहन व्यवस्था और अधिक आधुनिक होगी तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। रैपिड ट्रेन परियोजना की दिशा में हुई यह कार्रवाई विकास की नई इबारत लिखने वाला महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।