एसडीएम प्रवेश कादियान ने पुरानी तहसील स्थित पटवारखाने का किया औचक निरीक्षण

एसडीएम प्रवेश कादियान ने पुरानी तहसील स्थित पटवारखाने का किया औचक निरीक्षण

गन्नौर (सोनीपत)। एसडीएम प्रवेश कादियान ने मंगलवार को पुरानी तहसील स्थित पटवारखाने का औचक निरीक्षण कर आमजन को दी जा रही सेवाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न गांवों के पटवारी, कानूनगो कक्षों का दौरा कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन की प्राथमिकता है कि आमजन को अविलंब, सरल, पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कर्मचारियों को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा नागरिकों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने की हिदायत दी। उन्होंने निरीक्षण में मिली खामियों को तुरंत प्रभाव से दुरूस्त करने के लिए तहसीलदार ललिता एवं नायब तहसीलदार अमित कुमार को निर्देश दिए।

      एसडीएम प्रवेश कादियान ने इस दौरान इंतकाल, पैमाइश, गिरदावरी, भूमि संबंधी अन्य रिकॉर्ड को अपडेट करने, रखखाव संबंधी व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने के दिशा निर्देश दिए। उन्होंने पटवारियों से लंबित इंतकाल मामलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विशेष हिदायत देते हुए कहा कि निर्देश दिए कि प्रदान की जाने वाली राजस्व संबंधी सेवाओं की फीस को रजिस्टर में इंद्राज करने एवं कार्यालय में नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने एवं कार्यालय में आने जाने वाली डाकों का रिकार्ड रखने के लिए रजिस्टर की व्यवस्था करना सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।  एसडीएम ने कहा कि भविष्य में भी नियमित रूप से औचक निरीक्षण कर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली को जांचा जाएगा। किसी भी प्रकार की कौताही बरतने वाले अधिकारी/कर्मचारी के विरूद्ध प्रशासनिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिक सेवाओं में गुणवत्ता और गति दोनों मेंं प्रारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाएं तथा सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचे। कार्यालय परिसर में स्वच्छता, प्रकाश का उचित प्रबंध, बैठने की सुविधा, पेयजल और शिकायत निवारण व्यवस्था का भी ध्यान रखा जाए।इस अवसर पर तहसीलदार ललिता, नायब तहसीलदार अमित कुमार, कार्यालय अधीक्षक अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।