अयोध्या: 350 श्रद्धालुओं संग अयोध्या में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
रामलला के दर्शन कर भावुक हुए भक्त, भक्ति से गूंजा वातावरण
अयोध्या, (भा. सं.)। भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में छत्तीसगढ़ से आए श्रद्धालुओं द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। इस धार्मिक आयोजन में लगभग 350 श्रद्धालुओं ने भाग लेकर श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ कथा श्रवण किया।
कथा का वाचन प्रख्यात कथावाचक गोपेश शरण देवाचार्य द्वारा किया जा रहा है, जबकि आयोजन के यजमान राकेश मिश्रा हैं। कथा के प्रथम दिवस में देवाचार्य ने श्रीमद्भागवत महापुराण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा मानव जीवन को धर्म, भक्ति और सदाचार की राह दिखाती है। उन्होंने कहा कि यह कथा व्यक्ति के भीतर भगवान के प्रति समर्पण, सेवा और प्रेम का भाव जागृत करती है।
कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने अयोध्या में विराजमान प्रभु श्रीरामलला के दिव्य दर्शन भी किए। भव्य मंदिर में प्रभु के दर्शन कर कई भक्त भावुक हो उठे। श्रद्धालुओं ने इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय और सौभाग्यपूर्ण क्षण बताया।
धार्मिक आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन, संकीर्तन और "जय श्रीराम" के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान की आराधना कर देश, समाज और विश्व के कल्याण तथा सुख-समृद्धि की कामना की।
यह आयोजन अयोध्या में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक एकता का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।
राजेन्द्र दूबे/भा. सं.
Bhartiya Samvad