सोनीपत( भा. सं.)। डॉक्टर केवल उपचार करने वाले नहीं, बल्कि समाज को स्वस्थ और सुरक्षित रखने वाले ऐसे योद्धा हैं जो दिन-रात मानव सेवा में जुटे रहते हैं। इसी भावना को सम्मान देने के उद्देश्य से डॉक्टर्स डे के अवसर पर सोनीपत के ट्यूलिप हॉस्पिटल में इनर व्हील क्लब स्वर्ण सोनीपत द्वारा विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में शहर के कई प्रतिष्ठित चिकित्सकों ने भाग लिया। इस दौरान सोनीपत सिविल अस्पताल की सीएमओ डॉ. अनुराधा जैन भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। समारोह में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले डॉक्टरों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
इनर व्हील क्लब स्वर्ण सोनीपत की वाइस प्रेसिडेंट उषा भंडारी ने बताया कि 1 जुलाई उनके क्लब के नए सत्र की शुरुआत का दिन भी होता है और इसी अवसर पर डॉक्टर्स डे को विशेष रूप से मनाया गया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान 22 महिला चिकित्सकों सहित शहर के कई प्रमुख डॉक्टरों को सम्मान देकर उनके योगदान को नमन किया गया।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर अपने निजी जीवन से ऊपर उठकर मरीजों की सेवा करते हैं और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी प्रेरणादायक है। ऐसे में एक दिन उनके सम्मान और आभार व्यक्त करने के लिए समर्पित होना चाहिए।
क्लब की अध्यक्ष विभा कुमार ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल सम्मान देना नहीं, बल्कि नए डॉक्टरों को प्रोत्साहित करना और उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की निस्वार्थ सेवा समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने चिकित्सकों के योगदान की सराहना की और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।