पात्र लाभार्थियों को बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का मिले लाभ - सांसद सतपाल ब्रह्मचारी*
सोनीपत, (भा. सं.)। सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में जनहित सर्वोपरि होना चाहिए और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
सांसद सतपाल ब्रह्मचारी की अध्यक्षता में गुरूवार को जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कुल 66 एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं के तहत अब तक किए गए कार्यों, आगामी कार्ययोजना तथा बजट संबंधी विषयों की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, सॉयल हेल्थ कार्ड योजना, मनरेगा (वीबी-जी राम जी), किसान क्रेडिट कार्ड, ई-नेशनल एग्रीकल्चर मार्केट (ई-एनएएम), दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), सांसद आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 2.0, जल जीवन मिशन सहित अन्य विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
सांसद ने दिव्यांगजन हितों को प्राथमिकता देने पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिए कि अस्पतालों में दिव्यांगजनों के लिए अलग से सुविधा काउंटर अथवा विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी दिव्यांगजन को अधिकारी से मिलने के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने सीएमओ को दिव्यांगजनों के लिए संचालित केयर सेंटरों का नियमित निरीक्षण करने तथा किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के दौरान सांसद ने दिव्यांगता प्रमाण पत्रों को बनवाने की प्रक्रिया को सरल एवं त्वरित बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला नागरिक अस्पताल, सोनीपत में अधिक से अधिक दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की लंबित फाइल न रहे। बैठक के दौरान मेयर राजीव जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वो बिना आवश्यक कारण के किसी भी दिव्यांगजन को पीजीआई रोहतक रेफर न किया जाए।
सांसद ने रोडवेज के अधिकारियों को सोनीपत से हरिद्वार के लिए एसी बस सेवा शुरू करने का कार्य करने के निर्देश भी दिए। वहीं पशुपालन विभाग के द्वार किए गए कार्यो की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिला के अधिक से अधिक पशुओं का बीमा सुनिश्चित करने तथा पशुओं में होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए घर-घर जाकर टीकाकरण अभियान को गति देने के निर्देश दिए।
उन्होंने एमपीएलएडीएस (सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना) के अंतर्गत पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का एक जुलाई से चरणबद्ध उद्घाटन कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त शिक्षा विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के दौरान सांसद ने कहा कि मिड-डे मील की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए तथा बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में उपायुक्त नेहा सिंह, विधायक इंदूराज नरवाल, मेयर राजीव जैन, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा, एसडीएम सुभाष चंद्र, एसडीएम प्रवेश काद्यिान, एसडीएम अंकित कुमार, एसडीएम अमित कुमार, जिला परिषद सीईओ डॉ. अनमोल, सीटीएम सिमरन, डीडीपीओ मनीष मलिक तथा विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
KOHARSUNIL