सोनीपत में विकास को मिली रफ्तार: एक करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का शुभारंभ, पार्कों के सौंदर्यीकरण और गली निर्माण पर जोर

सोनीपत में विकास को मिली रफ्तार: एक करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का शुभारंभ, पार्कों के सौंदर्यीकरण और गली निर्माण पर जोर
सोनीपत( भा. सं.)। शहर में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने विभिन्न क्षेत्रों में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया।
विकास कार्यों के तहत वार्ड नंबर 16 स्थित सिटी पार्क, महाराजा अग्रसेन पार्क, शास्त्री पार्क और इंडस्ट्रियल एरिया के पार्कों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण पर करीब 82 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन पार्कों में ओपन जिम, बच्चों के लिए झूले, वॉकिंग ट्रैक का नवीनीकरण और आकर्षक पौधारोपण किया जाएगा, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर विधायक निखिल मदान ने कहा कि प्रधानमंत्री के फिट इंडिया अभियान को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शहर के पार्कों में ओपन जिम स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएं और पार्कों का अधिक उपयोग कर सकें।
इसके अलावा वार्ड नंबर 4 की श्रीनगर कॉलोनी में सामान्य अस्पताल के सामने लगभग 21 लाख रुपये की लागत से मुख्य गली निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया। परियोजना के तहत नई सीवरेज लाइन, पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाएगी तथा गली को सीसी से पक्का बनाया जाएगा।
दोनों विकास कार्यों का शुभारंभ विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने निगम पार्षद अनुराग जैन तथा अन्य गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में नारियल फोड़कर किया।
मेयर राजीव जैन ने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार के सहयोग से शहर में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और नगर निगम नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहा है।