कानपुर: ओवरलोडिंग पर कसा शिकंजा, 6 डंपरों पर हुई कार्यवाही, पांच लाख का लगा जुर्माना
कानपुर(भा. सं.)। बिल्हौर में ओवरलोड डंपरों की बेलगाम आवाजाही पर रविवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर राजस्व, परिवहन, खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर छह डंपरों का चालान किया और 4.84 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया।
तड़के शुरू हुए अभियान का नेतृत्व एसडीएम मनीष कुमार ने किया। यहां एआरटीओ कहकशा खातून, खनन अधिकारी आर.एस. नाथ और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बिल्हौर, ककवन मार्ग व मकनपुर-रसूलाबाद रोड पर बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की गई। कुल 25 वाहनों की जांच में छह डंपर ओवरलोडिंग और खनन नियमों के उल्लंघन में पकड़े गए।
अभियान की भनक लगते ही ओवरलोड वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कई चालक बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों की ओर मुड़ गए, लेकिन चप्पे चप्पे पर तैनात टीमों ने जांच के दायरे में ले लिया। उधर, एसडीएम ने बताया कि ओवरलोडिंग और अवैध खनन के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा, नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Hari shankar sharma