बलरामपुर: मदरसा फज़ले रहमानिया में अधिवक्ता रिजवानुद्दीन (शादाब) को उप प्रबंधक बनाये जाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर
पचपेड़वा/बलरामपुर ( भा. सं.)। मदरसा फज़ले रहमानिया के प्रबंधन ने अधिवक्ता रिजवानुद्दीन (शादाब) को उप प्रबंधक नियुक्त किया है, जिससे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का वातावरण बन गया है। यह नियुक्ति संस्था के इतिहास में एक गौरवपूर्ण और महत्वपूर्ण क्षण के रूप में देखी जा रही है। रिजवानुद्दीन इसी मदरसे के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने यहीं से अपनी प्रारम्भिक शिक्षा प्राप्त की और बाद में कठोर परिश्रम व समर्पण के साथ कानून की पढ़ाई पूरी कर लखनऊ उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में सेवाएँ दे रहे हैं। उनके परिवार का मदरसे से गहरा नाता रहा है उनके पिता स्वर्गीय मौलाना मुनीर अहमद भी इसी मदरसे में सहायक अध्यापक के रूप में सेवा दे चुके हैं, जिस कारण से इस नियुक्ति पर क्षेत्र में विशेष गर्व महसूस किया जा रहा है।
नियुक्ति की घोषणा होते ही मदरसे से जुड़े अभिभावक, क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक, समाजसेवी व स्थानीय लोग बधाइयों और शुभकामनाओं के लिए अधिवक्ता रिज़वानुद्दीन (शादाब) से मिलने पहुंचे। उपस्थित लोगों ने कहा कि अधिवक्ता रिजवानुद्दीन अपने अनुभव, पेशेवर योग्यता और नेतृत्व क्षमता के द्वारा मदरसे की शैक्षिक व्यवस्था, अनुशासन और समग्र विकास को नई ऊँचाइयों पर ले जाएंगे।
क्षेत्रीय समाजसेवियों ने इस नियुक्ति को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया और उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं के सीखने के माहौल में सुधार होगा, शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ेगी और संस्थागत योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। बधाई देने आए उपस्थित लोगों ने उनकी सफलता और ईमानदार नेतृत्व के लिए मदरसा प्रबंध को धन्यवाद कहा। मदरसा फज़ले रहमानिया, पचपेड़वा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी ने अधिवक्ता रिजवानुद्दीन (शादाब) को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं।
मसरूर अली