बलरामपुर: जिलाधिकारी ने किया जिला मेमोरियल चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर जोर
बलरामपुर (भा.सं.)। जिलाधिकारी डॉक्टर विपिन कुमार जैन ने शुक्रवार को जिला मेमोरियल चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, वार्ड तथा पूरे परिसर का भ्रमण कर मरीजों को मिल रही सुविधाओं का पटाक्षेप लिया और स्टाफ से प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने ओपीडी कक्ष में चिकित्सकों की उपस्थिति, मरीजों के पंजीकरण, परामर्श और दवा वितरण की प्रक्रिया का परीक्षण किया। उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारों से बात कर उनका फीडबैक सुना तथा कहा कि मरीजों को समय पर परामर्श और दवा मिलना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। वार्डों के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों को दिए जा रहे उपचार, दवाओं की स्टॉक स्थिति तथा स्वास्थ्य कर्मियों की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्रदान की जाने वाली सेवाएँ समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता की हों और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा डॉ जैन ने चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और विद्युत व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता पर नियमित निगरानी हो और सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएँ। उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील तथा शिष्ट व्यवहार कायम रखने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने आवश्यक सुधारात्मक सुझावों को लागू कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
मसरूर अली