सोनीपत (भा. सं.) । जिले में आयोजित समाधान शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर प्रशासन सक्रिय नजर आया। सोनीपत और गोहाना में आयोजित समाधान शिविरों के दौरान अधिकारियों ने शिकायतों की सुनवाई कर संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
सोनीपत लघु सचिवालय में एसडीएम सुभाष चंद्र की अध्यक्षता में आयोजित समाधान शिविर में कुल 20 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें जुआं-2 गांव में जल निकासी व्यवस्था, बढ़खालसा में भूमि अधिग्रहण के बाद जमीन के बदले जमीन दिलाने, काठमंडी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने, मेडिकल बिल भुगतान, प्रॉपर्टी आईडी सुधार तथा परिवार पहचान पत्र से संबंधित शिकायतें शामिल रहीं। जुआं वेस्ट ड्रेन की सफाई और खुदाई कार्य में अनियमितता तथा ठेकेदार के साथ कथित मिलीभगत की शिकायत पर एसडीएम ने संबंधित विभागों को जांच के निर्देश दिए।
वहीं गोहाना में एसडीएम अंकित कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान शिविर में पंचायती जमीन से अवैध कब्जा हटाने, बिजली कनेक्शन, गली से अतिक्रमण हटवाने, प्रॉपर्टी आईडी सुधार, बिजली लाइन बदलाव तथा फैमिली आईडी में त्रुटि सुधार जैसी शिकायतों पर सुनवाई की गई। कई शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया जबकि जटिल मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
दोनों समाधान शिविरों में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सभी विभाग जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दोनों कार्यक्रमों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।