हरिहरपुररानी में स्वयं सहायता समूह मार्ट का जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक व डीएम ने किया शुभारंभ
श्रावस्ती। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मंगलवार को जनपद में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। विकास खंड हरिहरपुररानी के ग्राम पटना खरगौरा में नवनिर्मित ‘स्वयं सहायता समूह मार्ट’ का शुभारंभ अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्रा, विधायक रामफेरन पाण्डेय तथा जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।उद्घाटन के बाद अतिथियों ने मार्ट में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से उनके उत्पादों तथा निर्माण प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के हुनर की सराहना करते हुए उनके द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की खरीदारी भी की, जिससे समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन हुआ।अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में स्वयं सहायता समूहों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे प्रदेश की अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि इस मार्ट के संचालन से बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और महिलाओं को उनके श्रम का सीधा एवं उचित लाभ मिलेगा।
विधायक रामफेरन पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस मार्ट के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों को सीधा बाजार उपलब्ध होगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्थापित यह मार्ट ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत कड़ी साबित होगा। उन्होंने बताया कि यहां एक ही छत के नीचे स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित जैविक अनाज, मसाले, हस्तशिल्प, अचार, पापड़, गृह सज्जा की वस्तुएं तथा दैनिक उपयोग के अन्य उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने अधिकारियों को मार्ट का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उत्पादों की बिक्री बढ़ सके और महिलाओं को अधिक लाभ मिल सके।कार्यक्रम के उपरांत विधायक, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
Journalist Muzammil Ahmad