अल्मोड़ा में जर्जर सड़कों पर उठा मुद्दा, पार्षद ने दी आंदोलन की चेतावनी
बदहाल सड़कों पर अल्मोड़ा में नाराजगी, पेचवर्क और हॉट मिक्स कार्य शुरू करने का आश्वासन, देरी होने पर घेराव की चेतावनी।
अल्मोड़ा (भा. स.) । पार्षद वैभव पांडे का कहना है जनपद की जर्जर सड़कों को लेकर हाल ही में मेरे द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से मुद्दा उठाया गया था, जिसमें जिला मुख्यालय की सड़कों की बदहाल स्थिति, जगह-जगह गड्ढों और टूटी सतह का गंभीर विषय प्रमुखता से रखा गया। यह अत्यंत खेदजनक है कि जब तक जनप्रतिनिधि या आम जनता आवाज नहीं उठाती, तब तक व्यवस्था सक्रिय होती दिखाई नहीं देती। जबकि पूर्व में समस्त टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, ऐसे में कार्य में देरी समझ से परे है।
इस मामले का संज्ञान लेते हुए अधिशासी अभियंता द्वारा आश्वासन दिया गया है कि एक सप्ताह के भीतर सड़कों पर पेचवर्क कार्य एवं हॉट मिक्स का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। विशेष रूप से बरेली-अल्मोड़ा-बागेश्वर मार्ग पर हॉट मिक्स तथा धारानौला मार्ग पर पेचवर्क कार्य प्रस्तावित है। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि यदि निर्धारित एक सप्ताह के भीतर कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो जनहित में अधिशासी अभियंता का घिराव एवं तालाबंदी जैसे कदम उठाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इसके साथ ही यह भी मांग की जाती है कि धारानौला मार्ग पर भी हॉट मिक्स का टेंडर जारी किया जाए, क्योंकि वहां की जनता भी सरकार को पूर्ण रूप से कर (टैक्स) दे रही है, ऐसे में उनके साथ किसी प्रकार का भेदभाव स्वीकार्य नहीं है। इसके अतिरिक्त जेल रोड एवं अन्य लिंक रोड्स की स्थिति भी अत्यंत खराब है, जहां बड़े-बड़े गड्ढे आम जनता के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। इन सड़कों के लिए भी हॉट मिक्स टेंडर कब जारी होगा, इसकी स्पष्ट समयसीमा प्रशासन द्वारा तय की जानी चाहिए। जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करना अब स्वीकार नहीं किया जाएगा। जल्द कार्य शुरू होना चाहिए, अन्यथा जनआंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
Bhartiya Samvad Desk 5