पीलीभीत: फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी समेत सात गिरफ्तार

पीलीभीत: फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी समेत सात गिरफ्तार

पीलीभीत(भा. स.)। थाना गजरौला क्षेत्र में हुई मारपीट और फायरिंग की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक तलवार तथा घटना में प्रयुक्त तीन चार पहिया और छह दो पहिया वाहन भी बरामद किए हैं।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में गजरौला पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 1 जून को थाना क्षेत्र के नवदिया सुल्तानपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट के साथ जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। घटना में घायल पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर थाना गजरौला में मुकदमा दर्ज किया गया था।

 जांच के दौरान पुलिस ने मंगलवार को हरदोई नहर स्थित 13 मील पुल के पास से पांच वांछित आरोपियों आजादवीर सिंह, अमरजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह, जपनामजोत सिंह और बलजीत को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा दो अन्य आरोपी सुखचैन और जगतार सिंह को भी दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान सुखचैन के पास से अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए, जबकि जगतार सिंह के कब्जे से एक तलवार मिली। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराओं की भी बढ़ोतरी की है।

 पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की चर्चा है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।गजरौला पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि फायरिंग और हिंसा जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों पर पुलिस की कड़ी नजर है