निर्माणाधीन मछली मंडी में शटरिंग गिरने से मजदूर की मौत

सिद्धार्थनगर के तुलसियापुर में निर्माणाधीन मछली मंडी गेट की शटरिंग गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। डीएम और एसपी ने घटनास्थल व जिला अस्पताल का निरीक्षण कर जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है।

निर्माणाधीन मछली मंडी में शटरिंग गिरने से मजदूर की मौत

निर्माणाधीन मछली मंडी गेट की शटरिंग गिरी, एक मजदूर की मौत, पांच घायल ।

डीएम और एसपी ने किया घटनास्थल व जिला अस्पताल का निरीक्षण, जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित ।

सिद्धार्थनगर, (भा.सं) । ढेबरुआ थाना क्षेत्र के कस्बा तुलसियापुर में निर्माणाधीन मछली मंडी गेट की शटरिंग गिरने से बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान अचानक शटरिंग ढह जाने से वहां कार्य कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की स्थिति, हादसे के कारणों तथा राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जिला अस्पताल पहुंचे तथा भर्ती घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त कर घायलों को बेहतर एवं समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने घायल मजदूरों और उनके परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव प्रशासनिक सहायता का भरोसा दिलाया । प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है तथा रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

- संवाददाता