सोनीपत( भा. सं.)। देश में आपातकाल को लेकर राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। सोनीपत में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आपातकाल को लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि उस समय लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन हुआ और हजारों निर्दोष लोगों को जेलों में बंद किया गया।
बडौली ने कहा कि वर्तमान सरकार जनहित, पारदर्शिता और सुशासन के एजेंडे पर कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति मिली है और भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति है और कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, यदि भ्रष्टाचार में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।
प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने लखनऊ में हुई दर्दनाक आगजनी की घटना पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रशासन को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्यों को आगे बढ़ाना नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित करना भी है