सोनीपत ( भा. सं .) । राई विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) मनीष मलिक की अध्यक्षता में मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत विभिन्न गांवों में जागरूकता एवं समन्वय बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में बीएलओ, बीएलए-1 एवं बीएलए-2, सुपरवाइजर, सरपंच, ग्राम सचिव, पंच, सफाई कर्मचारी तथा गांवों के शिक्षित युवा मौजूद रहे।
निर्वाचक पंजीयन अधिकारी मनीष मलिक ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मीमारपुर, ताजपुर, मलिकपुर, टिकोला, जैनपुर तथा बख्तावरपुर गांवों में बैठकें आयोजित कर आमजन को एसआईआर-2026 के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करवाएं तथा उन्हें सही एवं पूर्ण रूप से भरवाकर निर्धारित समयावधि में जमा करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में प्रतिदिन सक्रिय रहकर कार्य करें तथा मतदाता सूची में नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, स्थानांतरित अथवा मृत मतदाताओं की जानकारी एकत्रित करने और आवश्यक संशोधन करने का कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निष्ठा के साथ संपन्न करें। उन्होंने सुपरवाइजरों को भी बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
डीडीपीओ ने बैठक में उपस्थित बीएलओ को ईसीआईनेट एप्लीकेशन के प्रभावी उपयोग, गणना प्रपत्रों के वितरण, डिजिटाइजेशन तथा रियल टाइम मॉनिटरिंग के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गणना प्रपत्र का समयबद्ध डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित बनाया जा सके।
उन्होंने बीएलए व गांव के लोगों से भी अपील की कि वे मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने में सहयोग करें तथा निर्वाचन विभाग के इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार सुनिश्चित करना है और इसके लिए सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है।