सोनीपत: रात को घर से निकला, सुबह सड़क पर मिली लाश: मैप्सको सिटी चौक पर अज्ञात वाहन ने छीनी युवक की जिंदगी

सोनीपत: रात को घर से निकला, सुबह सड़क पर मिली लाश: मैप्सको सिटी चौक पर अज्ञात वाहन ने छीनी युवक की जिंदगी
सोनीपत ( भा. सं.) । मैप्सको सिटी चौक के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अजे कुमार के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के एटा जिले के गाजीपुर बदरपुर गांव का निवासी था और पिछले तीन वर्षों से सोनीपत में रहकर यूनिटेक कंपनी में चालक के रूप में कार्यरत था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात अजे कुमार किसी परिचित के साथ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी दौरान पुलिस ने सूचना दी कि मैप्सको सिटी चौक के पास एक युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया है, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान अजे कुमार के रूप में की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।