भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच नगर पालिका ईओ द्वारा वार्ता बीच में छोड़े जाने से भाजपा नेताओं में नाराजगी

भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच नगर पालिका ईओ द्वारा वार्ता बीच में छोड़े जाने से भाजपा नेताओं में नाराजगी

जलालपुर, अम्बेडकर नगर(भास)। भाजपा नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका के कार्यों में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं के संबंध में ज्ञापन सौंपने के लिए अधिशासी अधिकारी (ईओ) से मुलाकात की। हालाँकि, वार्ता के दौरान ईओ बिना कोई ठोस जवाब दिए उठकर चले गए, जिससे नेताओं में रोष है।

वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद श्रीवास्तव, संजीव कुमार मिश्र, नगर महामंत्री आनंद मिश्र, नगर उपाध्यक्ष अरुण मिश्र, दीपचंद सोनी सहित सभी नेताओं ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि कृष्ण गोपाल गुप्ता ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि नगर पालिका में लगभग सभी निर्माण कार्य, जैसे कि इंटरलॉकिंग व नाली निर्माण, में 40 प्रतिशत तक कमीशनखोरी का चलन है। उन्होंने कहा कि कार्यों में बिना गुणवत्ता वाली सीमेंट ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है और कहीं भी आईएसआई मार्का ईंटें नहीं लगाई जा रही हैं। चर्चा यह भी है कि नगर पालिका अध्यक्ष प्रति ईंट 2 रुपये अतिरिक्त कमीशन ले रहे हैं, जिससे लाखों रुपये की रिश्वत की आय हो रही है।

इसके अलावा, गृह कर सर्वेक्षण के लिए एक नई सॉफ्टवेयर कंपनी को टेंडर दिया गया है, जबकि पहले की कंपनी को केवल 2,31,000 रुपये का भुगतान बाकी था। आरोप है कि अनुचित लाभ के लिए नई कंपनी को लगभग 20 लाख रुपये का ठेका दिया गया है। यह भी कहा जा रहा है कि नगर पालिका अध्यक्ष अपने चहेतों को कोटेशन पर काम व सप्लाई देकर गैर-कानूनी फायदा उठा रहे हैं।

किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राम किशोर राजभर, विकास निषाद, पूर्व नगर अध्यक्ष देवेश मिश्र, सभासद लालचंद,दिलीप यादव, विक्की गौतम एवं वरिष्ठ लिपिक रामप्रकाश पांडेय मौजूद रहे।