मां पर दो साल के बेटे की हत्या का आरोप, पति से विवाद और शक बना वारदात की वजह

मां पर दो साल के बेटे की हत्या का आरोप, पति से विवाद और शक बना वारदात की वजह
सोनीपत। जिले के मुर्डाना गांव में दो वर्षीय मासूम की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है। पुलिस ने बच्चे की मां को गिरफ्तार करते हुए दावा किया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद, शक और बदले की भावना के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले ही परिवार ने मासूम का जन्मदिन मनाया था। 29 जुलाई की सुबह दादा-दादी बड़ी बेटी को साथ लेकर बाहर गए थे, जबकि घर में मां और बेटा अकेले थे। कुछ देर बाद बच्चे का शव आंगन में बनी पानी की हौदी में मिला। शुरुआती जांच में इसे हादसा माना गया, लेकिन पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। घर से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला वारदात के बाद सीधे अपने मायके चली गई थी। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस हर पहलू की पड़ताल कर रही है।