जैन विद्या मंदिर में 'एक पेड़, एक जिंदगी' अभियान: जनप्रतिनिधियों व विद्यार्थियों ने बोया हरियाली का भविष्य

जैन विद्या मंदिर में 'एक पेड़, एक जिंदगी' अभियान: जनप्रतिनिधियों व विद्यार्थियों ने बोया हरियाली का भविष्य
सोनीपत। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से सोनीपत के जैन विद्या मंदिर विद्यालय में 'एक पेड़, एक जिंदगी' अभियान के तहत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक निखिल मदान, मेयर राजीव जैन, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर हरित एवं स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक निखिल मदान ने कहा कि पेड़ केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं बढ़ाते, बल्कि मानव जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि सावन का पावन महीना हरियाली और प्रकृति से जुड़ने का सबसे उपयुक्त समय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मेयर राजीव जैन ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया और हर पौधे की नियमित देखभाल का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में हरियाली बढ़ाने के इस अभियान की सभी ने सराहना की। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया।