गुरु पूर्णिमा पर सरस्वती शिक्षा सदन में हुआ पौधारोपण, पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

गुरु पूर्णिमा पर सरस्वती शिक्षा सदन में हुआ पौधारोपण, पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सोनीपत। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सरस्वती शिक्षा सदन स्कूल परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में  पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मेयर राजीव जैन ने पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर ब्राह्मण सभा के मुकेश शर्मा ने बताया कि गुरु पूर्णिमा का दिन उनके लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन उनकी माता का आशीर्वाद उन्हें जन्म के रूप में मिला था। उन्होंने अपनी माता की स्मृति में एक पौधा लगाकर लोगों से जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, बच्चों की सफलता अथवा अन्य शुभ अवसरों पर पौधारोपण करने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें सुरक्षित रखने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण और बेहतर भविष्य की नींव बनेगा।