गोहाना / सोनीपत( भा.सं.)। 77वें वन महोत्सव के उपलक्ष्य में गुरुवार को मुण्डलाना स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए पौधारोपण किया और उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर करनाल में आयोजित मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी की उपस्थिति में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण भी किया गया।
चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि हरियाणा को हराभरा बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल भी करनी होगी। जब तक पौधा वृक्ष नहीं बन जाता, तब तक उसकी जिम्मेदारी भी उसी व्यक्ति की होनी चाहिए जिसने उसे लगाया है।
एक पेड़ मां के नाम अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं
मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुडक़र प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां, पिता, दादा-दादी अथवा परिवार के किसी प्रिय सदस्य के नाम पर एक पौधा अवश्य लगाए। इससे लोगों का पौधों के प्रति भावनात्मक जुड़ाव बढ़ेगा और उनकी देखभाल भी बेहतर ढंग से होगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी भी है।
पेड़ हैं धरती का श्रृंगार, पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो भविष्य भी सुरक्षित रहेगा
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे धरती का श्रृंगार हैं। हरियाली से ही प्रकृति की सुंदरता बढ़ती है और पर्यावरण संतुलित रहता है। यदि आज हम अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे तो आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ हवा, पर्याप्त जल और बेहतर पर्यावरण मिलेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां भी खाली स्थान उपलब्ध हो, चाहे वह घर का आंगन हो, विद्यालय, मंदिर, धर्मशाला, चौपाल या सार्वजनिक स्थल, वहां पौधारोपण अवश्य करें।
हरियाणा को और अधिक हराभरा बनाने का लिया संकल्प
मोहनलाल बड़ौली ने वन विभाग एवं शिक्षा विभाग की सराहना करते हुए कहा कि दोनों विभागों ने संयुक्त रूप से वन महोत्सव का उत्कृष्ट आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता है। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए तो हरियाणा आने वाले वर्षों में देश के सबसे हरित राज्यों में शामिल हो सकता है।
उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाएं तथा पौधारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की भागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान और अधिक प्रभावी बन सकेगा। कार्यक्रम में वन विभाग एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
वन महोत्सव कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और बदलता पर्यावरण आज पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय है। ऐसे समय में अधिक से अधिक पौधारोपण ही स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सोनीपत जिला राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के निकट होने के कारण यहां प्रदूषण की चुनौती अधिक है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूक समाज ही स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण का निर्माण कर सकता है। पौधारोपण से न केवल पर्यावरण संतुलित रहेगा, बल्कि आने वाली पीढिय़ों को भी स्वच्छ हवा और बेहतर जीवन मिलेगा। उन्होंने सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पौधारोपण को जन-आंदोलन बनाते हुए प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी स्वयं निभाएं।
चित्रकला एवं ईको-क्विज प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
वन महोत्सव के उपलक्ष्य में वन विभाग द्वारा विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चित्रकला एवं ईको-क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। कक्षा 6वीं से 8वीं की चित्रकला प्रतियोगिता में पीएम श्री जीजीएसएसएस, मुरथल अड्डा की छात्रा राशी सैनी ने प्रथम, पीएम श्री जीजीएसएसएस, मुरथल अड्डा की छात्रा सांची ने द्वितीय तथा शिव शक्ति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र प्रिंस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं की चित्रकला प्रतियोगिता में शिव शक्ति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा प्रतीक्षा ने प्रथम, शिव शक्ति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा अनामिका ने द्वितीय तथा पीएम श्री जीजीएसएसएस, मुरथल अड्डा की छात्रा नंदनी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इसी प्रकार कक्षा 9वीं से 12वीं की ईको-क्विज प्रतियोगिता में शिव शक्ति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र एंजल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा पीएम श्री जीजीएसएसएस, मुरथल अड्डा की छात्रा मुस्कान व शिव शक्ति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा उन्नति संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि पीएम श्री जीजीएसएसएस, मुरथल अड्डा की छात्रा अंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली ने विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ये रहे मौजूद :
वन महोत्सव कार्यक्रम में उपायुक्त नेहा सिंह, रेंज फोरेस्ट ऑफिसर जयकिशन, एसडीएम अंकित कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष गोहाना बिजेन्द्र मलिक, भाजपा जिलाध्यक्ष सोनीपत अशोक भारद्वाज, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप सांगवान, इंद्रजीत बिरमानी, रीना शर्मा, बलराम कौशिक, राजकुमार कटारिया, जितेन्द्र शर्मा, प्रदीप बड़वासनी, राजेश भावड़, इंद्रपाल श्योराण, वजीर नरवाल, राममेहर राठी, मुण्डलाना गांव के सरपंच शिव नारायण, वन विभाग से जिला कॉडिनेटर शिव प्रसाद, वन राजिक अधिकारी नरेश, ब्लॉक फोरेस्ट अधिकारी कपिल देव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति व वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।