निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मचारियों का शक्ति प्रदर्शन, 11 से 13 अगस्त तक हड़ताल का ऐलान

निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मचारियों का शक्ति प्रदर्शन, 11 से 13 अगस्त तक हड़ताल का ऐलान
सोनीपत। हरियाणा में बिजली क्षेत्र के निजीकरण के विरोध में बुधवार को बिजली कर्मचारियों और अभियंताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बड़ी संख्या में कर्मचारी बिजली निगम कार्यालयों से पैदल मार्च करते हुए मिनी सचिवालय पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त के माध्यम से मांगपत्र सौंपते हुए 11, 12 और 13 अगस्त को राज्यव्यापी हड़ताल का नोटिस दिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने हरियाणा एग्री डिस्कॉम बनाने की योजना, गुरुग्राम और नूंह में समानांतर निजी बिजली वितरण लाइसेंस तथा स्मार्ट मीटर परियोजना को रद्द करने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि निजीकरण से कर्मचारियों के साथ-साथ उपभोक्ताओं के हित भी प्रभावित होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली बोर्ड के पुनर्गठन के समय किए गए वादे आज तक पूरे नहीं हुए हैं।
संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने, डीसी रेट व एचकेआरएन कर्मचारियों को नियमित करने, समान कार्य के लिए समान वेतन, नई भर्तियां, जोखिम भत्ता, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और समय पर पदोन्नति की मांग भी उठाई।