सोनीपत: समाधान शिविर में पांच शिकायतें प्राप्त, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश*
खरखौदा, सोनीपत (भा. सं.)। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को एसडीएम अमित भारद्वाज की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल पांच शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए प्रेषित किया गया।
एसडीएम अमित भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आयोजित समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का एक ही स्थान पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिल रही है तथा प्रशासनिक व्यवस्था अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बन रही है।
*विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें मौके पर दर्ज, कार्रवाई के लिए भेजी गईं*
शिविर के दौरान गोपालपुर रोड, खरखौदा स्थित नाले की सफाई अवरुद्ध होने एवं जल निकासी बाधित होने के कारण जलभराव, दुर्घटना की आशंका तथा बीमारियों के फैलने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई। इस शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित सचिव, नगर पालिका को भेजा गया।
दूसरी शिकायत ग्राम सिसाना निवासी द्वारा बिजली लाइन में खराबी के बाद मीटर चोरी होने के संबंध में प्राप्त हुई, जिसे संबंधित एसडीओ, यूएचबीवीएनएल को कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।
तीसरी शिकायत जमीन पर जबरन कब्जा करने, भुगतान न देने तथा रास्ता अवरुद्ध करने से संबंधित थी। चौथी शिकायत मकान निर्माण में बाधा उत्पन्न करने, गाली-गलौज, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने के संबंध में दर्ज की गई। वहीं पांचवीं शिकायत पड़ोसी द्वारा लगातार परेशान किए जाने से संबंधित रही। इन तीनों शिकायतों को आवश्यक जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) को भेजा गया।
समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश
एसडीएम अमित भारद्वाज ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए मौके पर जांच की जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका गुणवत्तापूर्ण एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक नागरिक को न्यायपूर्ण एवं निष्पक्ष समाधान उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
KOHARSUNIL